बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार आज करेंगे रामलला के दर्शन, फिर शुरू करेंगे राम सेतु की शूटिंग
अयोध्या
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार अपनी अपकमिंग फिल्म राम सेतु के मुहूर्त पूजन के लिए आज श्री राम जन्मभूमि परिसर में रामलला की पूजा करेंगे। इसके बाद ही राम सेतु फिल्म शूटिंग शुरू होगी। अक्षय गुरुवार दोपहर करीब 12.30 बजे अयोध्या पहुचेंगे। रामलला के दर्शन करने के बाद अक्षय कुमार सरयू घाट राम की पैड़ी भी जाएंगे। श्री राम तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि इस दौरान अक्षय अयोध्या राजघराने के राजमहल जाकर वहां ट्रस्टी विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र से मुलाकात भी करेंगे।
बताया जा रहा है कि राम सेतु के कुछ सीन्स अयोध्या में ही शूट किए जाएंगे। अक्षय कुमार के साथ-साथ क्रिएटिव प्रोड्यूसर डॉ चंद्रप्रकाश द्विवेदी और डायरेक्टर अभिषेक शर्मा भी आज अयोध्या पहुंचेंगे। फिल्म के डायरेक्टर अभिषेक शर्मा ने बताया है कि अगले कुछ महीनों में अयोध्या में फिल्म का 80 प्रतिशत शेड्यूल शूट कर लिया जाएगा। उसके बाद का शेड्यूल मुंबई में शूट होगा।
आर्कियोलॉजिस्ट के रूप में दिखेंगे अक्षय
डायरेक्टर ने यह भी बताया है कि अक्षय इस फिल्म में बिल्कुल अलग अवतार में नजर आने वाले हैं। राम सेतु में अक्षय के फैंस को उनका नया लुक और किरदार देखने को मिलेगा जिसे देखकर वह बेहद खुश हो जाएंगे। उन्होंने अक्षय के रोल में बताया कि फिल्म में एक्टर नए लुक से फैंस को चौंकाने वाले है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में अक्षय एक आर्कियोलॉजिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं और उनका लुक और चरित्र कई भारतीय और अंतर्राष्ट्रीय पेशेवर आर्कियोलॉजिस्ट से प्रेरित है जो इस क्षेत्र में काम करते हैं।
फिल्म में होंगी ये एक्ट्रेस
इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ जैकलीन फर्नांडिस और नुशरत भरुचा भी अहम किरदार में नजर आने वाली हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फिल्म तथ्यों, विज्ञान और ऐतिहासिक धरोहरों पर बनी कहानी है और सदियों से भारतीयों के गहरे विश्वास पर आधारित है।

पाठको की राय